धनबाद : धनबाद के आईआईटी (आईएसएम) क्षेत्र स्थित बापूनगर के आवासीय सरस्वती शिशु विद्या मंदिर विद्यालय में बच्चों के साथ कथित मारपीट, दुर्व्यवहार और शौचालय की सफाई कराने के आरोपों को लेकर शनिवार को जमकर हंगामा हुआ। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में अभिभावक विद्यालय पहुंच गए और प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए विरोध प्रदर्शन किया।
परिजनों का आरोप है कि विद्यालय में बच्चों के साथ मारपीट की जाती है, उनके साथ गाली-गलौज की जाती है और उनसे शौचालय की सफाई भी कराई जाती है। उनका कहना है कि इस तरह के व्यवहार से बच्चे मानसिक तनाव और भय के माहौल में रह रहे हैं, जिससे उनकी पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है।
अभिभावकों ने यह भी आरोप लगाया कि एक कमरे में 16 से 18 बच्चों को रखा जाता है और उसी कमरे में उनकी पढ़ाई भी कराई जाती है। उनके अनुसार, इतनी भीड़भाड़ वाली व्यवस्था बच्चों के स्वास्थ्य, सुरक्षा और शैक्षणिक माहौल पर प्रतिकूल प्रभाव डाल रही है।
परिजनों का कहना है कि विद्यालय में पहले भी बच्चों के साथ मारपीट की शिकायतें सामने आई थीं, लेकिन अब तक किसी जिम्मेदार व्यक्ति के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। बताया जा रहा है कि इस आवासीय विद्यालय में 120 से अधिक छात्र-छात्राएं रहकर शिक्षा प्राप्त करते हैं।
वहीं, विद्यालय के शिक्षक सीताराम कुमार ने आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि विद्यालय में कुछ व्यवस्थागत कमियां हो सकती हैं, लेकिन बच्चों के साथ किसी भी प्रकार का अमानवीय व्यवहार नहीं किया जाता। उन्होंने कहा कि अनुशासन बनाए रखने के लिए शरारती बच्चों को कभी-कभी दंड दिया जाता है। साथ ही उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि बड़े बच्चों से कभी-कभार शौचालय की सफाई कराई जाती है, जबकि सप्ताह में दो बार सफाईकर्मी भी विद्यालय आते हैं।
फिलहाल, परिजनों के गंभीर आरोपों के बाद पूरे मामले को लेकर शिक्षा विभाग और जिला प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हैं। यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं, तो संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है।
















