धनबाद : रिश्वतखोरी से जुड़े मामले की जांच के सिलसिले में सीबीआई की रांची टीम ने धनबाद में बड़ी कार्रवाई की। गुरुवार देर शाम टीम ने पुराना बाजार के गांधी नगर स्थित सीआईएसएफ अधिकारी सुजीत कुमार के आवास पर छापेमारी की।
तलाशी के दौरान बड़ी मात्रा में नकदी और जेवर मिलने की सूचना है। सूत्रों के अनुसार, घर से करीब 10 लाख रुपये नकद और लगभग 30 लाख रुपये मूल्य के आभूषण बरामद होने की बात सामने आई है। नोटों की गिनती के लिए सीबीआई टीम ने मशीन भी मंगाई थी। हालांकि, इन बरामदगियों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
बताया जा रहा है कि यह छापेमारी उस मामले से जुड़ी है, जिसमें सीबीआई ने पहले सीआईएसएफ के सीनियर अकाउंट ऑफिसर संतोष कुमार महतो, सहायक अकाउंट ऑफिसर सुनील कुमार और सहायक अकाउंट ऑफिसर सुजीत कुमार को कथित तौर पर 48 हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार किया था।
आरोप है कि प्रयागराज स्थित सीआईएसएफ की एनटीपीसी यूनिट में तैनात हेड कांस्टेबल रविकांत त्रिपाठी से बिल रिलीज करने के एवज में रिश्वत की मांग की गई थी। शिकायत के बाद सीबीआई ने कार्रवाई की थी।
इसी जांच को आगे बढ़ाते हुए धनबाद स्थित सुजीत कुमार के आवास पर तलाशी ली गई। फिलहाल सीबीआई टीम दस्तावेजों और बरामद संपत्ति की जांच कर रही है। मामले में आधिकारिक जानकारी और बरामदगी की पुष्टि का इंतजार है।
















