धनबाद/चिरकुंडा : कुमारधुबी रेलवे स्टेशन के पूर्व स्थित एलसी-3 रेलवे फाटक पर जल्द ही रेलवे ओवर ब्रिज (ROB) का निर्माण किया जाएगा। इस परियोजना को लेकर आसनसोल रेल मंडल ने प्रक्रिया तेज कर दी है। बुधवार को रेलवे के भू-अर्जन विभाग और संबंधित अधिकारियों की टीम ने प्रस्तावित स्थल का निरीक्षण कर भूमि का सर्वेक्षण एवं चिन्हांकन कार्य शुरू किया।
अधिकारियों ने ईसीएल मुगमा क्षेत्र के भाग्यलक्ष्मी इंक्लाइन खदान के हौलेज हाउस से लेकर आसपास के प्रभावित क्षेत्रों की जमीन और निर्माणों का चिन्हांकन किया। जिन निजी मकानों, चारदीवारियों या अन्य संरचनाओं पर परियोजना का प्रभाव पड़ेगा, उनके लिए नियमानुसार मुआवजा देने की प्रक्रिया अपनाई जाएगी।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार प्रस्तावित रेलवे ओवरब्रिज की लंबाई लगभग 750 मीटर होगी, जबकि दोनों ओर 7.5 मीटर चौड़ी सड़क का निर्माण किया जाएगा। वर्तमान में भूमि चिन्हांकन का कार्य चल रहा है, जिसके बाद आवश्यकतानुसार अतिक्रमण हटाने और अन्य औपचारिक प्रक्रियाएं पूरी की जाएंगी।
अधिकारियों ने बताया कि यह परियोजना डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर (DFC) से जुड़े रेल संचालन को अधिक सुगम और निर्बाध बनाने के उद्देश्य से तैयार की जा रही है। ओवरब्रिज बनने के बाद लोगों को रेलवे फाटक पर रुककर इंतजार नहीं करना पड़ेगा और यातायात अधिक सुरक्षित व सुचारु हो सकेगा।
गौरतलब है कि पहले इस स्थान पर रेलवे अंडरब्रिज (RUB) बनाने की योजना पर विचार कर रहा था, लेकिन तकनीकी मूल्यांकन के बाद अब यहां रेलवे ओवरब्रिज (ROB) निर्माण का निर्णय लिया गया है। स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि परियोजना पूरी होने के बाद वर्षों पुरानी जाम और आवागमन की समस्या से बड़ी राहत मिलेगी।
















