धनबाद/तोपचांची : सीमित संसाधनों और निजी जिंदगी की कठिन परिस्थितियों के बीच तोपचांची प्रखंड के मोरहाडीह गांव की पलक तिवारी ने NEET UG 2026 में सफलता हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। पलक का चयन शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (SNMMCH), धनबाद की नामांकन सूची में हुआ है।
NEET की तैयारी के दौरान ही पलक ने अपनी मां बबिता देवी को खो दिया था। मां के निधन का गहरा सदमा झेलने के बावजूद उन्होंने पढ़ाई जारी रखी और अपने लक्ष्य से पीछे नहीं हटीं। मां के सपने को पूरा करने की इच्छा ने उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
पलक ने घर से ऑनलाइन कोचिंग और सेल्फ-स्टडी के जरिए NEET की तैयारी की। उन्होंने 10वीं की पढ़ाई इंडियन पब्लिक स्कूल, खारनी से और 12वीं की पढ़ाई सेंट थॉमस स्कूल, तोपचांची से पूरी की।
ग्रामीण परिवेश और सीमित सुविधाओं के बीच मेडिकल कॉलेज में दाखिला हासिल करना पलक की मेहनत और लगन को दर्शाता है। उनकी सफलता से परिवार के साथ-साथ मोरहाडीह गांव और पूरे तोपचांची क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
पलक की उपलब्धि ग्रामीण क्षेत्र की छात्राओं के लिए भी प्रेरणा बनी है। उनकी कहानी बताती है कि कठिन परिस्थितियों के बावजूद मेहनत, आत्मविश्वास और लक्ष्य के प्रति निरंतर प्रयास से सफलता हासिल की जा सकती है।
















