धनबाद : जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (DLSA) द्वारा संचालित 90 दिवसीय जागरूकता एवं आउटरीच अभियान के तहत शुक्रवार को न्याय रथ तेलमच्चो पंचायत भवन पहुँचा। इस अवसर पर आयोजित विशेष विधिक जागरूकता एवं जनकल्याण शिविर में ग्रामीणों को कानूनी अधिकारों, सरकारी योजनाओं और निःशुल्क विधिक सहायता की जानकारी दी गई।
शिविर के दौरान जेएसएलपीएस के माध्यम से महिला स्वयं सहायता समूहों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के उद्देश्य से ₹30 लाख का चेक प्रदान किया गया। साथ ही कई लाभार्थियों का वृद्धावस्था पेंशन, दिव्यांग पेंशन, ई-श्रम कार्ड और आभा हेल्थ आईडी का ऑन-द-स्पॉट पंजीकरण कर आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई गई।
न्याय रथ की टीम ने उपस्थित ग्रामीणों को 12 सितंबर को आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत तथा 18 जुलाई को होने वाली एनआई एक्ट (परक्राम्य लिखत अधिनियम) विशेष लोक अदालत की जानकारी भी दी और अधिक से अधिक लोगों से इसका लाभ उठाने की अपील की।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव सह अवर न्यायाधीश मयंक तुषार टोपनों ने बताया कि यह अभियान जिले की 256 पंचायतों तक पहुँचकर लोगों को उनके विधिक अधिकारों, सरकारी योजनाओं और निःशुल्क कानूनी सहायता के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अभियान का लक्ष्य न्याय और सरकारी सेवाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाना है।
कार्यक्रम को सफल बनाने में सहायक एलएडीसीएस सुमन कुमार पाठक, पंचायत सचिव योगेश्वर प्रसाद साहू, मुखिया मीरा कुमारी, अधिकार मित्र विवेकानंद मिश्रा, हेमराज चौहान और राजू साहू सहित अन्य लोगों ने सक्रिय भूमिका निभाई।
















