धनबाद: नारायणी चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा संचालित पहला कदम विशेष स्कूल के बच्चों ने आधुनिक तकनीक की दुनिया में एक नया कदम बढ़ाया। शनिवार को धनबाद के रानी बांध स्थित आयोजन स्थल पर आयोजित रोबोटिक्स एवं आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) प्रशिक्षण कार्यक्रम में स्कूल के छात्र-छात्राओं, शिक्षक-शिक्षिकाओं और सुपरवाइजर कौशल अग्रवाल ने भाग लिया।
यह प्रशिक्षण मैथ कोडर प्राइवेट लिमिटेड द्वारा आयोजित किया गया, जिसमें संस्था के फाउंडर एवं मेंटर सुरजीत दास ने बच्चों को रोबोटिक्स, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और आधुनिक तकनीक से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी। प्रशिक्षण के दौरान बच्चों ने उत्साह और जिज्ञासा के साथ नई तकनीकों को समझने और सीखने का प्रयास किया।
स्कूल की सचिव अनीता अग्रवाल ने कहा कि विशेष बच्चों को भी डिजिटल युग की आधुनिक तकनीकों से जोड़ना समय की आवश्यकता है। उन्होंने बताया कि रोबोटिक्स और एआई जैसे विषय बच्चों में रचनात्मकता, तार्किक सोच, समस्या समाधान की क्षमता और आत्मविश्वास विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम का उद्देश्य विशेष बच्चों को तकनीकी शिक्षा से जोड़ना, उनकी प्रतिभा को निखारना और भविष्य की नई संभावनाओं के लिए तैयार करना था। प्रशिक्षण के दौरान बच्चों ने विभिन्न गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाई और नई तकनीकों के प्रति गहरी रुचि दिखाई।
















