धनबाद : धनबाद सदर अस्पताल में अब मरीजों को तेज और आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। अस्पताल में हेल्थ एटीएम की शुरुआत की गई है, जिसके माध्यम से महज 10 से 15 मिनट के भीतर 45 से अधिक स्वास्थ्य जांचें की जा सकेंगी। जांच के तुरंत बाद मरीजों को प्रिंटेड रिपोर्ट भी मिलेगी और डिजिटल कॉपी उनके मोबाइल पर भेजी जाएगी।
हिंदुस्तान उर्वरक एवं रसायन लिमिटेड (HURL) ने अपने CSR पहल “आरोग्य मित्रा” प्रोजेक्ट के तहत सदर अस्पताल को हेल्थ एटीएम और पोर्टेबल ECG मशीन उपलब्ध कराई है।
यह हेल्थ एटीएम ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर, बॉडी मास इंडेक्स (BMI), हीमोग्लोबिन, कोलेस्ट्रॉल, ऑक्सीजन लेवल समेत करीब 45 प्रकार की बुनियादी स्वास्थ्य जांच कुछ ही मिनटों में करने में सक्षम है।
आरोग्य मित्रा प्रोजेक्ट से जुड़े अधिकारियों के अनुसार इस पहल का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण और औद्योगिक क्षेत्रों के आसपास रहने वाले गरीब एवं वंचित लोगों तक त्वरित स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है। इससे पहले HURL की ओर से जोरापोखर सीएचसी, चासनाला और सिंदरी में भी हेल्थ एटीएम लगाए जा चुके हैं।
तकनीशियन Ashutosh Bhardwaj ने बताया कि मशीन के टच स्क्रीन पर मरीज को अपना मोबाइल नंबर और अन्य जरूरी जानकारी दर्ज करनी होती है। इसके बाद स्क्रीन पर दिए गए निर्देशों का पालन कर मरीज स्वयं या तकनीशियन की सहायता से जांच पूरी कर सकता है।
कुछ ही मिनटों में जांच रिपोर्ट तैयार होकर प्रिंट हो जाती है और साथ ही मोबाइल पर भी भेज दी जाती है। नई व्यवस्था से मरीजों का समय बचेगा और स्वास्थ्य सेवाएं पहले की तुलना में अधिक आसान एवं सुलभ बनेंगी।














