धनबाद : अखिल भारतीय अनुसूचित जाति, जनजाति एवं पिछड़ा वर्ग संयुक्त मोर्चा, धनबाद ने सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक की अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल को लेकर केंद्र सरकार से तत्काल संवाद शुरू करने की मांग की है। इस मांग को लेकर शुक्रवार को रणधीर वर्मा चौक पर संगठन के बैनर तले धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया। प्रदर्शन का नेतृत्व मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष गोपाल यादव और जिलाध्यक्ष अशोक कुमार ने किया।
प्रदर्शन के बाद संगठन के प्रतिनिधिमंडल ने भारत सरकार के कैबिनेट सचिव के नाम उपायुक्त, धनबाद के माध्यम से ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कहा गया कि सोनम वांगचुक शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण और जलवायु परिवर्तन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर लंबे समय से कार्य कर रहे हैं। संगठन ने सरकार से उनके स्वास्थ्य और जीवन की सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए शीघ्र वार्ता शुरू करने तथा उनकी मांगों पर सकारात्मक पहल करने की अपील की।
संगठन का कहना है कि सोनम वांगचुक 28 जून 2026 से गांधीवादी तरीके से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर हैं। ऐसे में सरकार को संवेदनशीलता दिखाते हुए जल्द समाधान निकालना चाहिए, ताकि उनका अनशन समाप्त हो सके और सकारात्मक संवाद का रास्ता खुल सके।
ज्ञापन में देशभर में लगातार सामने आ रहे पेपर लीक, बढ़ती बेरोजगारी, भ्रष्टाचार तथा संवैधानिक संस्थाओं में घटते जनविश्वास पर भी चिंता व्यक्त की गई। संगठन ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक की घटनाओं से लाखों युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है और मेहनती अभ्यर्थियों का मनोबल टूट रहा है। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और जवाबदेही तय करने की भी मांग की गई।
मोर्चा ने संविधान के अनुरूप सभी युवाओं को समान अवसर उपलब्ध कराने, शासन-प्रशासन में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने तथा जनहित के मुद्दों पर सरकार से गंभीर पहल करने का आग्रह किया। प्रदर्शन में संगठन के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
















