रांची : राजधानी रांची के ऐतिहासिक जगन्नाथपुर मंदिर से गुरुवार को भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और देवी सुभद्रा की भव्य रथयात्रा श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ निकाली गई। हजारों श्रद्धालुओं ने महाप्रभु के दर्शन किए और रथ की रस्सी खींचकर आशीर्वाद प्राप्त किया। पूरे मेला क्षेत्र में “जय जगन्नाथ” के जयघोष और भक्ति गीतों से वातावरण भक्तिमय बना रहा।
रथयात्रा के दौरान भगवान जगन्नाथ अपने भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा के साथ सुसज्जित रथ पर सवार होकर पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार मौसीबाड़ी के लिए रवाना हुए। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन ने सुरक्षा और सुविधाओं के व्यापक इंतजाम किए थे।
मेले में भीड़ प्रबंधन, यातायात नियंत्रण, पेयजल, चिकित्सा, स्वच्छता और अग्निशमन सेवाओं की विशेष व्यवस्था की गई। उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री और वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन स्वयं मेला क्षेत्र में मौजूद रहकर व्यवस्थाओं की निगरानी करते रहे। मंदिर परिसर में स्थापित कंट्रोल रूम से सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से पूरे आयोजन पर लगातार नजर रखी गई।
प्रशासन की सतर्कता और सुरक्षा व्यवस्था के बीच रथयात्रा शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई। जिला प्रशासन ने बताया कि 25 जुलाई तक चलने वाले मेले और घूरती रथयात्रा के दौरान भी सुरक्षा एवं श्रद्धालुओं की सुविधाओं पर विशेष निगरानी जारी रहेगी।
















