धनबाद। बलियापुर रोड स्थित धांगी मोड़ के समीप सूर्या हाइलैंड सिटी में ज्योति शर्मा के नेतृत्व में सावन मिलन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सोसाइटी की बड़ी संख्या में महिलाओं ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया।
महिलाएं हरे रंग की साड़ियों और चूड़ियों से सजकर पहुंचीं। कार्यक्रम के दौरान मेहंदी, पारंपरिक झूले, नृत्य और संगीत जैसी गतिविधियों का आयोजन किया गया। महिलाओं ने विभिन्न प्रस्तुतियों के जरिए समारोह में उत्साह भर दिया।
आयोजक ज्योति शर्मा ने कहा कि सावन मिलन महिलाओं के बीच प्रेम, सौहार्द और भावनात्मक जुड़ाव को मजबूत करने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि व्यस्त जीवनशैली के बीच ऐसे आयोजन महिलाओं को एक-दूसरे से मिलने और अपनी सांस्कृतिक परंपराओं को जीवंत रखने का अवसर देते हैं।
उन्होंने बताया कि सावन के दौरान महिलाएं भगवान शिव और माता पार्वती की पूजा कर परिवार की सुख-समृद्धि और सौभाग्य की कामना करती हैं। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं की मौजूदगी रही और पूरा माहौल उत्साहपूर्ण रहा।
















