धनबाद: धनबाद के उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन ने शुक्रवार को निरसा के बेनागोड़िया स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय का औचक निरीक्षण कर शैक्षणिक और छात्रावास व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यार्थियों की सुरक्षा, स्वच्छता, भोजन की गुणवत्ता और शिक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
उपायुक्त ने विद्यालय परिसर, कक्षाओं, प्रयोगशाला, पुस्तकालय, छात्रावास और भोजन कक्ष का निरीक्षण किया। उन्होंने छात्रों को परोसे जा रहे भोजन की गुणवत्ता की समीक्षा करते हुए समय पर स्वच्छ, पौष्टिक और गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान शिक्षकों को पढ़ाई का स्तर बेहतर बनाए रखने, विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी पर विशेष ध्यान देने को कहा गया। साथ ही छात्रावास और विद्यालय परिसर में साफ-सफाई तथा सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
उपायुक्त ने पेयजल, बिजली, शौचालय और अन्य बुनियादी सुविधाओं की भी समीक्षा की तथा संबंधित अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं सुचारू बनाए रखने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि विद्यार्थियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और विद्यालय में किसी भी अनधिकृत व्यक्ति के प्रवेश पर पूरी तरह रोक सुनिश्चित की जाए। इसके अलावा सीसीटीवी कैमरों, मॉनिटरिंग सिस्टम और प्रशासनिक अभिलेखों की भी जांच की गई।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने विद्यार्थियों से बातचीत कर उनकी पढ़ाई और भविष्य की योजनाओं की जानकारी ली तथा उन्हें मेहनत और अनुशासन के साथ अपने लक्ष्य हासिल करने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर उप विकास आयुक्त सन्नी राज, जिला शिक्षा पदाधिकारी अभिषेक झा, जिला शिक्षा अधीक्षक शालिनी डुंगडुंग, निरसा के प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
















