सिलीगुड़ी : माटीगाड़ा थाना क्षेत्र के अठारहखाई स्थित श्वशुरबाड़ी बाजार इलाके में फर्जी पहचान पत्र और अन्य दस्तावेज तैयार करने वाले कथित गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। शुकना आर्मी इंटेलिजेंस से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो बांग्लादेशी नागरिकों समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बांग्लादेश के नीलफामारी निवासी लिटू मोहंत और सुशील रॉय के रूप में हुई है। इनके अलावा बांग्लादेशी नागरिकों को अपने मकान में ठहराने के आरोप में मकान मालिक की पत्नी पवित्र रानी रॉय को भी गिरफ्तार किया गया है। वहीं, मामले का मुख्य आरोपी बताए जा रहे रिपन रॉय के पुलिस कार्रवाई से पहले फरार होने की जानकारी सामने आई है।
प्रारंभिक जांच में पुलिस को पता चला कि भारत आने वाले कुछ बांग्लादेशी नागरिकों को स्थानीय स्तर पर रिश्तेदार बताकर ठहराया जाता था। इसके बाद कथित तौर पर करीब 10 हजार रुपये लेकर उनके लिए फर्जी पहचान पत्र और अन्य दस्तावेज तैयार किए जाते थे। दस्तावेज तैयार होने के बाद संबंधित लोग वहां से चले जाते थे।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से दो लैपटॉप, पांच पहचान पत्र, 12 एनरोलमेंट फॉर्म और 20 जाति प्रमाण पत्र बरामद किए हैं। प्रारंभिक जांच में कुछ प्रमाण पत्रों पर सिलीगुड़ी, जलपाईगुड़ी सदर और राजगंज एसडीओ कार्यालयों के कथित फर्जी ठप्पे इस्तेमाल किए जाने की आशंका जताई गई है।
फिलहाल पुलिस फरार आरोपी रिपन रॉय की तलाश में जुटी है। इसके साथ ही पुलिस गिरोह के पूरे नेटवर्क, फर्जी दस्तावेज तैयार करने के तरीके और संभावित अन्य संपर्कों की भी जांच कर रही है। मामले में आगे की जांच के बाद और जानकारी सामने आने की उम्मीद है।
















