धनबाद: जिले में बेहतर कार्य, साहस और कर्तव्य के प्रति समर्पण के लिए चार पुलिसकर्मियों को आउट ऑफ टर्न पदोन्नति दी गई है। इनमें तीन सब इंस्पेक्टर को इंस्पेक्टर और एक सिपाही को असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर के पद पर प्रमोशन मिला है।
पदोन्नति पाने वाले सब इंस्पेक्टरों में 2005 बैच के सदानंद सिंह, 2018 बैच के प्रभात रंजन राय और अर्जुन कुमार सिंह शामिल हैं। तीनों को इंस्पेक्टर पद की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं, 2009 बैच के सिपाही नवनीत नवल को उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए ASI बनाया गया है।
एसएसपी कार्यालय में आयोजित पिपिंग सेरेमनी में वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार और ग्रामीण एसपी एस. मोहम्मद याकूब ने पदोन्नत पुलिसकर्मियों को बैज लगाकर नई जिम्मेदारी की बधाई दी।
इस अवसर पर एसएसपी ने कहा कि पदोन्नति के साथ जिम्मेदारियां भी बढ़ती हैं। उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों से आगे भी ईमानदारी, अनुशासन और पूरी निष्ठा के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि उत्कृष्ट कार्य करने वाले इन पुलिसकर्मियों की उपलब्धियां अन्य जवानों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत हैं। कार्यक्रम में डीएसपी मुख्यालय-2 नाजिर अख्तर, डीएसपी मुख्यालय-1 कुमार विनोद समेत कई पुलिस अधिकारी और जवान मौजूद रहे।
















