धनबाद : कोयला चोरी और अवैध खनन पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) ने झारखंड और पश्चिम बंगाल के कोयला क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर संयुक्त अभियान चलाकर 428.34 टन अवैध कोयला जब्त किया है। “जीरो कोल लीकेज” अभियान के तहत 4 से 8 जुलाई के बीच हुई इस कार्रवाई में कई स्थानों पर छापेमारी कर अवैध खनन और परिवहन में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई।
सीआईएसएफ ने यह अभियान बीसीसीएल, ईसीएल और सीसीएल के कोयला क्षेत्रों में स्थानीय पुलिस और जिला प्रशासन के सहयोग से चलाया। खुफिया सूचनाओं के आधार पर की गई कार्रवाई के दौरान 428.34 टन अवैध कोयला, एक हाईवा, 13 से अधिक मोटरसाइकिलें तथा अवैध खनन में इस्तेमाल होने वाले कई उपकरण जब्त किए गए।
अभियान के दौरान विभिन्न मामलों में 4 एफआईआर दर्ज की गईं। साथ ही कई आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ खान और खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 (MMDR Act) सहित अन्य संबंधित धाराओं के तहत कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
सीआईएसएफ अधिकारियों ने कहा कि राष्ट्रीय खनिज संपदा की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। कोयला चोरी, अवैध खनन, अवैध भंडारण और गैरकानूनी परिवहन जैसी गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाने के लिए भविष्य में भी इसी तरह के विशेष अभियान लगातार चलाए जाएंगे।
सीआईएसएफ ने यह भी स्पष्ट किया कि स्थानीय प्रशासन और पुलिस के साथ समन्वय बनाकर कोयला क्षेत्रों में निगरानी और सख्ती को और बढ़ाया जाएगा, ताकि राष्ट्रीय संपदा की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके और कोयला क्षेत्र में पारदर्शिता बनी रहे।
















