धनबाद: बरसात के मौसम में भी कोयला उत्पादन और परिवहन को प्रभावित न होने देने के उद्देश्य से भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (BCCL) ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में बीसीसीएल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक (CMD) मनोज कुमार अग्रवाल ने मंगलवार को बस्ताकोला विकास भवन में वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की।
बैठक में मुख्यालय के विभागाध्यक्षों (HOD), विभिन्न क्षेत्रों के महाप्रबंधकों तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया। सीएमडी ने खदानों में जलजमाव रोकने, सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने, कोयला उत्पादन और ढुलाई को निर्बाध बनाए रखने तथा निर्धारित उत्पादन लक्ष्य हासिल करने पर विशेष जोर दिया।
बैठक के बाद सीएमडी ने राजापुर कोलियरी का निरीक्षण कर बारिश के दौरान उत्पादन, परिवहन और सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि मानसून के बावजूद उत्पादन और ट्रांसपोर्टिंग पर किसी प्रकार का प्रतिकूल प्रभाव नहीं पड़ना चाहिए तथा सभी कार्य सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन करते हुए दुर्घटनामुक्त तरीके से संचालित किए जाएं।
मीडिया से बातचीत में सीएमडी मनोज कुमार अग्रवाल ने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्रालय के निर्देशों का गंभीरता से पालन किया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कोयलांचल में अवैध खनन और कोयला चोरी के खिलाफ बीसीसीएल का अभियान लगातार जारी रहेगा और इस तरह की गतिविधियों में शामिल लोगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
















