धनबाद/तेतुलमारी: जिला प्रशासन ने सरकारी संपत्तियों को अवैध कब्जे से मुक्त कराने की दिशा में बड़ी कार्रवाई करते हुए तेतुलमारी के नगरीकला दक्षिण स्टेशन चौक स्थित पुराने पंचायत भवन को कब्जामुक्त करा लिया है। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन के निर्देश पर चलाए गए अभियान के बाद भवन को सुरक्षित संरक्षण एवं उपयोग के लिए झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (JSLPS) को सौंप दिया गया।
उप विकास आयुक्त सन्नी राज ने बताया कि प्रशासन को सूचना मिली थी कि पुराने पंचायत भवन पर अवैध कब्जा कर निजी निर्माण कराया जा रहा है। शिकायत मिलने के बाद बाघमारा प्रखंड विकास पदाधिकारी और स्थानीय थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की और भवन को अवैध कब्जे से मुक्त कराया।
कार्रवाई के बाद पंचायत के मुखिया और पंचायत सचिव की मौजूदगी में भवन का औपचारिक रूप से JSLPS को हस्तांतरण किया गया, ताकि सरकारी संपत्ति सुरक्षित रहे और भविष्य में उस पर दोबारा अवैध कब्जा न हो।
जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि यदि कहीं सरकारी भूमि या भवन पर अवैध कब्जे की जानकारी मिले तो उसकी सूचना तत्काल प्रशासन को दें। प्रशासन ने आश्वस्त किया है कि शिकायतकर्ता की पहचान गोपनीय रखी जाएगी तथा जांच के बाद दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
















