धनबाद/झरिया:झरिया विधानसभा क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में सोमवार को कई विकास योजनाओं की शुरुआत की गई। विधायक रागिनी सिंह ने झरिया 4 नंबर बस स्टैंड के समीप हेटलीबांध क्षेत्र में नए विद्युत ट्रांसफार्मर का उद्घाटन किया। साथ ही कोईरीबाँध, बर्फ़कल एवं चंडी मंदिर क्षेत्र में पेयजल संकट के समाधान के लिए नए पेयजल कनेक्शन कार्य का भी शुभारंभ किया।
हेटलीबांध क्षेत्र के लोग लंबे समय से लो वोल्टेज और अनियमित बिजली आपूर्ति की समस्या से जूझ रहे थे। नए ट्रांसफार्मर के चालू होने से क्षेत्र में बिजली आपूर्ति में सुधार होने की उम्मीद है। स्थानीय लोगों ने इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि इससे वर्षों पुरानी बिजली संबंधी परेशानियों से राहत मिलेगी।
वहीं कोईरीबाँध, बर्फ़कल एवं चंडी मंदिर क्षेत्र में लंबे समय से पेयजल संकट बना हुआ था। नई जलापूर्ति योजना के तहत पेयजल कनेक्शन का कार्य शुरू होने से परियोजना पूरी होने के बाद एक हजार से अधिक लोगों को नियमित एवं स्वच्छ पेयजल उपलब्ध होने की उम्मीद है।
इस अवसर पर विधायक रागिनी सिंह ने कहा कि झरिया की जनता को बिजली, पेयजल और अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के प्रत्येक मोहल्ले तक विकास कार्य पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और भविष्य में भी जनहित से जुड़ी योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा।
कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी, भाजपा कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। लोगों ने इन योजनाओं को क्षेत्र के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताते हुए उम्मीद जताई कि इससे बिजली और पेयजल व्यवस्था में व्यापक सुधार होगा।
















