धनबाद : सामाजिक सेवा के क्षेत्र में सक्रिय खुशियों की उड़ान संस्था की ओर से शनिवार को झरिया स्थित दुखहरनी मंदिर में धार्मिक एवं सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत संस्था के सदस्यों द्वारा मंदिर में माता की विधिवत पूजा-अर्चना से हुई। पूजा के बाद श्रद्धालुओं एवं जरूरतमंद लोगों के बीच श्रद्धापूर्वक खिचड़ी भोग का वितरण किया गया।
संस्था की अध्यक्ष सरिता सिंह ने बताया कि पिछले चार वर्षों से संस्था निरंतर समाजसेवा के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभा रही है। उन्होंने कहा कि गरीब, असहाय और जरूरतमंद लोगों की सहायता करना संस्था का मुख्य उद्देश्य है। इसी उद्देश्य को लेकर समय-समय पर विभिन्न सामाजिक और जनकल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।
संस्था की सचिव निहारिका सिंह ने बताया कि खुशियों की उड़ान संस्था अब तक कई महत्वपूर्ण सामाजिक कार्य कर चुकी है। इनमें रक्तदान शिविरों का आयोजन, जरूरतमंद परिवारों की बेटियों के विवाह में सहयोग, आर्थिक रूप से कमजोर लोगों की सहायता तथा अन्य जनसेवा गतिविधियां शामिल हैं। उन्होंने बताया कि रक्तदान के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए संस्था को नेशनल अवार्ड से भी सम्मानित किया जा चुका है।
कार्यक्रम के दौरान संस्था के सदस्यों ने समाज के सक्षम लोगों से जरूरतमंदों की मदद के लिए आगे आने की अपील करते हुए सेवा, सहयोग और मानवता की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया।
इस अवसर पर संस्था की अध्यक्ष सरिता सिंह, सचिव निहारिका सिंह सहित संस्था की अनेक महिला सदस्य एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने सेवा कार्यों को आगे भी निरंतर जारी रखने का संकल्प लिया।
















