धनबाद: धनबाद स्थित क्रेडो वर्ल्ड स्कूल की प्री-स्कूल इकाई क्रेडो जॉय में गुरुवार को रंगारंग बटरफ्लाई कार्निवल का आयोजन किया गया। रंग-बिरंगी सजावट, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और बच्चों की मनमोहक गतिविधियों से विद्यालय परिसर उत्साह और खुशियों से सराबोर नजर आया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में झरिया विधायक रागिनी सिंह शामिल हुईं।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन और सरस्वती वंदना के साथ हुआ। इसके बाद नन्हे-मुन्ने बच्चों ने आकर्षक नाटिका और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां पेश कर अभिभावकों एवं अतिथियों का मन मोह लिया। बच्चों ने अपनी प्रस्तुति के माध्यम से प्री-स्कूल की दैनिक गतिविधियों और सीखने के आनंददायक वातावरण को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया।
इस अवसर पर क्रेडो ग्रुप के उपाध्यक्ष कृष्ण गोपाल अग्रवाल, निदेशक हर्षित अग्रवाल, विजेता अग्रवाल, श्रेया अग्रवाल, क्रेडो वर्ल्ड स्कूल की प्रधानाचार्या शर्मिला सिन्हा तथा क्रेडो जॉय की मेंटर सिम्मी टंडन सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। अतिथियों ने विद्यालय की पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों में रचनात्मकता, आत्मविश्वास और सर्वांगीण विकास को प्रोत्साहित करते हैं।
विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि प्रारंभिक शिक्षा तभी प्रभावी होती है, जब उसमें खेल, रचनात्मकता, स्नेह और अभिभावकों की सक्रिय भागीदारी का समावेश हो। पूरे कार्यक्रम में बच्चों का उत्साह और अभिभावकों की सहभागिता आकर्षण का केंद्र रही।
















