रांची: मोहर्रम पर्व के अवसर पर शनिवार, 27 जून को रांची जिले के सभी सरकारी, निजी, सहायता प्राप्त एवं गैर-सरकारी विद्यालय बंद रहेंगे। जिला प्रशासन ने ताजिया और अखाड़ा जुलूस के दौरान शहर के विभिन्न मार्गों पर यातायात प्रभावित होने तथा स्कूली बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया है।
जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त के निर्देश पर जिले के सभी विद्यालयों में एक दिन का अवकाश घोषित किया गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह निर्णय विद्यार्थियों की सुरक्षा और सुचारु यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से लिया गया है।
हालांकि, जिन विद्यालयों में पहले से परीक्षा निर्धारित है, वे विशेष परिस्थिति में जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) को पूर्व सूचना देकर परीक्षा आयोजित कर सकते हैं। इसके लिए संबंधित विद्यालयों को प्रशासनिक अनुमति की प्रक्रिया का पालन करना होगा।
जिला प्रशासन ने सभी स्कूल प्रबंधन, अभिभावकों एवं आम नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि मोहर्रम का पर्व शांति, सौहार्द और आपसी भाईचारे के साथ मनाया जाए। साथ ही सभी से प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने का अनुरोध किया गया है।
















