धनबाद: NEET परीक्षा में कथित पेपर लीक और परीक्षा प्रणाली में अनियमितताओं के विरोध में सोमवार को धनबाद के रणधीर वर्मा चौक पर ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA) के बैनर तले छात्रों ने जोरदार प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने निष्पक्ष और पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था की मांग करते हुए केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की तथा केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला फूंककर अपना विरोध दर्ज कराया।
प्रदर्शन के दौरान छात्रों के हाथों में तख्तियां और बैनर थे, जिन पर “पेपर लीक से आजादी”, “भ्रष्ट परीक्षा व्यवस्था से आजादी” और “छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ बंद करो” जैसे नारे लिखे हुए थे। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि उनका आंदोलन किसी राजनीतिक उद्देश्य से नहीं, बल्कि लाखों छात्रों के भविष्य और निष्पक्ष परीक्षा प्रणाली की मांग को लेकर है।
छात्रों ने आरोप लगाया कि बार-बार होने वाली परीक्षा संबंधी अनियमितताओं और कथित पेपर लीक की घटनाओं से मेहनत करने वाले अभ्यर्थियों का भविष्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं की विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और पारदर्शी व्यवस्था सुनिश्चित करना आवश्यक है।
प्रदर्शनकारियों ने नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। साथ ही परीक्षा प्रक्रिया को और अधिक पारदर्शी एवं विश्वसनीय बनाने के लिए प्रभावी सुधार लागू करने की आवश्यकता पर जोर दिया।
छात्रों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं किया गया, तो वे आगे भी लोकतांत्रिक तरीके से अपना आंदोलन जारी रखेंगे।
















