निरसा/धनबाद: कथित धमकी मिलने के बाद निरसा विधायक अरूप चटर्जी शनिवार को निरसा थाना पहुंचे और पूरे मामले में लिखित आवेदन देकर पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की। विधायक ने कहा कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ बिना किसी भेदभाव के कठोर कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए।
विधायक ने अपने आवेदन में कथित तौर पर गैंगस्टर प्रिंस खान से मिली धमकी का उल्लेख करते हुए कहा कि इस प्रकार की घटनाएं केवल किसी जनप्रतिनिधि की सुरक्षा का मामला नहीं हैं, बल्कि लोकतांत्रिक व्यवस्था और कानून के शासन को चुनौती देने का प्रयास हैं। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी के खिलाफ जल्द से जल्द कानूनी कार्रवाई करने का आग्रह किया।
निरसा थाना पुलिस ने विधायक का आवेदन प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि उपलब्ध साक्ष्यों और जांच के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि कथित धमकी की घटना के बाद धनबाद पुलिस ने गैंगस्टर प्रिंस खान के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। इसी क्रम में उसके ठिकानों पर भी पुलिस की कार्रवाई जारी है। हालांकि, जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की आधिकारिक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
















