धनबाद:राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस के अवसर पर नारायणी चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा संचालित जगजीवन नगर स्थित विशेष दिव्यांग विद्यालय ‘पहला कदम’ में बुधवार को दिव्यांग बच्चों के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं चिकित्सा परामर्श शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य दिव्यांग बच्चों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना तथा चिकित्सकों के प्रति सम्मान व्यक्त करना था।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित डॉ. विनीता अग्रवाल ने विद्यालय पहुंचकर सभी बच्चों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया। शिविर के दौरान बच्चों की सामान्य स्वास्थ्य जांच की गई और आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श प्रदान किया गया। साथ ही अभिभावकों को बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण, स्वच्छता एवं नियमित देखभाल से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां भी दी गईं।
इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन की ओर से डॉ. विनीता अग्रवाल को स्मृति चिन्ह (मोमेंटो) भेंट कर सम्मानित किया गया। उनके चिकित्सा सेवा, समाज सेवा और मानवता के प्रति समर्पण की सराहना करते हुए विद्यालय परिवार ने उनके योगदान को प्रेरणादायी बताया।
विद्यालय की सचिव अनीता अग्रवाल ने कहा कि दिव्यांग बच्चों का बेहतर स्वास्थ्य संस्थान की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस पर आयोजित यह शिविर डॉक्टरों के प्रति सम्मान व्यक्त करने के साथ-साथ बच्चों और उनके अभिभावकों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने का भी एक महत्वपूर्ण प्रयास है। उन्होंने बताया कि भविष्य में भी ऐसे निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर नियमित रूप से आयोजित किए जाएंगे।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी, अभिभावक एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने चिकित्सकों के योगदान को नमन करते हुए दिव्यांग बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
















