,

Dhnanbad:पराध नियंत्रण में धनबाद पुलिस की बड़ी सफलता, जुलाई में 445 नए कांड दर्ज तो 501 मामलों का निष्पादन

JP Bharat Shareधनबाद: जिले में अपराध नियंत्रण और पुलिसिंग व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से सोमवार को जिला पुलिस मुख्यालय में जुलाई माह की अपराध समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने की। इसमें सिटी एसपी ऋतविक श्रीवास्तव, ग्रामीण एसपी एस. मोहम्मद याकूब, सभी डीएसपी, एसडीपीओ,…

JP Bharat Share

धनबाद: जिले में अपराध नियंत्रण और पुलिसिंग व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से सोमवार को जिला पुलिस मुख्यालय में जुलाई माह की अपराध समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने की। इसमें सिटी एसपी ऋतविक श्रीवास्तव, ग्रामीण एसपी एस. मोहम्मद याकूब, सभी डीएसपी, एसडीपीओ, थाना प्रभारी और ओपी प्रभारी मौजूद रहे।

बैठक में जुलाई माह के दौरान दर्ज हुए मामलों, लंबित कांडों, अनुसंधान, वारंट निष्पादन और कानून-व्यवस्था की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई। पुलिस के अनुसार, जुलाई में जिले में 445 नए कांड दर्ज हुए, जबकि 501 मामलों का निष्पादन किया गया। इससे लंबित मामलों की संख्या में भी कमी आई है।

दो महीने में लंबित कांड 1600 से नीचे लाने का लक्ष्य

आंकड़ों के मुताबिक जून में जिले में लंबित कांडों की संख्या 1796 थी, जो जुलाई के बाद घटकर 1740 रह गई। एसएसपी प्रभात कुमार ने पुलिस पदाधिकारियों को अगले दो महीने में लंबित मामलों की संख्या 1600 से नीचे लाने का लक्ष्य दिया।

वारंट और कुर्की मामलों के निष्पादन पर भी विशेष जोर दिया गया। जुलाई में पुलिस ने 1097 लंबित वारंटों का निष्पादन किया। एसएसपी ने अगस्त में लंबित वारंट एवं कुर्की मामलों में कम से कम 50 प्रतिशत मामलों का निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

बाइक चोरी में कमी, बड़े संगठित अपराध की घटना नहीं

अपराध नियंत्रण की समीक्षा के दौरान पुलिस ने बताया कि जिले में बाइक चोरी की घटनाओं में कमी दर्ज की गई है। वहीं जुलाई में किसी बड़ी संगठित आपराधिक घटना के सामने नहीं आने को पुलिसिंग और निगरानी व्यवस्था की उपलब्धि बताया गया।

अनुसंधान के क्षेत्र में भी पुलिस ने जुलाई में 705 चार्जशीट अथवा अंतिम प्रतिवेदन न्यायालय में दाखिल किए। पुलिस अधिकारियों को लंबित अनुसंधान को तेजी से पूरा करने और मामलों के गुणवत्तापूर्ण निष्पादन पर विशेष ध्यान देने को कहा गया।

यातायात नियम तोड़ने वालों पर सख्ती, 92 लाख से अधिक जुर्माना

सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर भी बैठक में विशेष चर्चा हुई। जुलाई में यातायात नियमों के उल्लंघन पर चालान के जरिए 92 लाख रुपये से अधिक का जुर्माना वसूला गया, जिसे धनबाद में अब तक की सर्वाधिक जुर्माना राशि बताया गया।

एसएसपी ने कहा कि पुलिस का उद्देश्य केवल जुर्माना वसूलना नहीं, बल्कि सड़क दुर्घटनाओं को कम करना और सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करना है। उन्होंने नो-पार्किंग, गलत दिशा में वाहन चलाने और ओवरस्पीडिंग के खिलाफ अभियान और तेज करने का निर्देश दिया।

17 अगस्त से विशेष साइबर जागरूकता अभियान

साइबर अपराध की रोकथाम को लेकर धनबाद पुलिस की ओर से 17 अगस्त से जिलेभर में विशेष साइबर जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। अभियान के तहत लोगों को ऑनलाइन ठगी, फर्जी लिंक, OTP और बैंकिंग धोखाधड़ी समेत विभिन्न साइबर अपराधों से बचाव के उपाय बताए जाएंगे।

इस दौरान साइबर सुरक्षा पुस्तिका का विमोचन, जागरूकता मार्च और अलग-अलग क्षेत्रों में ग्राम चौपाल आयोजित कर लोगों को डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जाएगा।

505 मोबाइल फोन मालिकों को लौटाए गए

पुलिस के अनुसार, पिछले माह चोरी या गुम हुए 505 मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को वापस किए गए। एसएसपी ने बताया कि आगामी 25 अगस्त को आयोजित कार्यक्रम में भी बरामद मोबाइल फोन उनके स्वामियों को सौंपे जाएंगे।

बैठक के अंत में एसएसपी प्रभात कुमार ने अधिकारियों को संगठित अपराध के खिलाफ अभियान तेज करने, फरार अपराधियों की गिरफ्तारी, लंबित मामलों का जल्द निष्पादन और आम लोगों को त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण पुलिस सेवा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।


JP Bharat Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

About the Author

Search the Archives

Access over the years of investigative journalism and breaking reports