धनबाद: जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (DLSA) की ओर से नालसा शिक्षा परियोजना के तहत शिक्षा के अधिकार और समावेशी शिक्षा पर एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यक्रम का उद्देश्य वंचित और कमजोर वर्ग के बच्चों को शिक्षा से जुड़ी सुविधाओं के प्रति जागरूक करना था।
DLSA सचिव मयंक तुषार टोपनो ने बताया कि कार्यशाला में निःशुल्क एवं अनिवार्य शिक्षा का अधिकार अधिनियम 2009 के तहत प्रवेश प्रक्रिया, जरूरी दस्तावेजों और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी दी गई।
जिला शिक्षा अधीक्षक शालिनी ढूंढूंग और लीगल एड डिफेंस काउंसिल सिस्टम के चीफ कुमार विमलेंदु ने निजी विद्यालयों में धारा 12(1)(सी) के तहत आरक्षित सीटों और आवेदन प्रक्रिया की जानकारी साझा की। कार्यक्रम में विभिन्न स्कूलों के प्राचार्य और DLSA के अधिकार मित्र शामिल हुए। दिव्यांग, आर्थिक रूप से कमजोर और वंचित समुदायों के बच्चों की शिक्षा सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।
















