धनबाद: जिले में होमगार्ड नवनामांकन प्रक्रिया के तहत 1066 अभ्यर्थियों का अंतिम चयन किया गया है। चयनित उम्मीदवारों की सूची जिला प्रशासन की आधिकारिक वेबसाइट पर प्रकाशित की जाएगी। इसके बाद चयनित अभ्यर्थियों को आगामी प्रशिक्षण सत्र के लिए भेजा जाएगा।
उपायुक्त सह गृह रक्षक नवनामांकन समिति के अध्यक्ष आदित्य रंजन की अध्यक्षता में हुई बैठक में चयन प्रक्रिया की समीक्षा की गई। प्रशासन के अनुसार, पहले 1096 अभ्यर्थियों का चयन किया गया था। मेडिकल जांच, आवासीय प्रमाणपत्रों के सत्यापन और पुलिस चरित्र सत्यापन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद 1066 अभ्यर्थियों को अंतिम रूप से चयनित किया गया।
उपायुक्त ने कहा कि भर्ती प्रक्रिया और सत्यापन निर्धारित मानकों के अनुसार पारदर्शिता के साथ संपन्न कराया गया है। चयनित अभ्यर्थियों को प्रशिक्षण देकर विधि-व्यवस्था बनाए रखने और जनसेवा में योगदान देने के लिए तैयार किया जाएगा।
बैठक में वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार, अपर जिला दंडाधिकारी अरविंद कुमार ओझा, अनुमंडल दंडाधिकारी लोकेश बारंगे, जिला समादेष्टा सूर्यकांत कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
















