धनबाद: धनबाद जिला पेंशनर्स महासंघ के प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को सचिव बासुदेव गोस्वामी के नेतृत्व में उपायुक्त आदित्य रंजन से शिष्टाचार मुलाकात कर उन्हें सम्मानित किया। प्रतिनिधिमंडल ने उत्कृष्ट प्रशासनिक कार्य, विकास योजनाओं की प्रभावी निगरानी तथा जनसमस्याओं के त्वरित समाधान के लिए उनकी सराहना की।
महासंघ के पदाधिकारियों ने कहा कि फेम इंडिया पत्रिका द्वारा देश के 10 सर्वश्रेष्ठ जिलाधिकारियों की सूची में उपायुक्त आदित्य रंजन का नाम शामिल होना धनबाद जिले के लिए गर्व की बात है। इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए प्रतिनिधिमंडल ने उन्हें शॉल ओढ़ाकर, पुष्पगुच्छ एवं स्मृति-चिह्न (मोमेंटो) भेंट कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर महासंघ की ओर से कहा गया कि उपायुक्त के नेतृत्व में जिले में शिक्षा, स्वास्थ्य एवं विकास कार्यों में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। साथ ही आम जनता की समस्याओं के समाधान के लिए प्रशासन की सक्रियता सराहनीय रही है। महासंघ ने उनके प्रति आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी जनहित के कार्यों को इसी प्रतिबद्धता के साथ जारी रखने की शुभकामनाएं दीं।
सम्मान समारोह में महासंघ के सचिव बासुदेव गोस्वामी, संयुक्त सचिव श्यामा नंद लाल त्यागी, राजेंद्र रजक, संजय कुमार, राजकुमार वर्मा सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
















