धनबाद: भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी, धनबाद एवं केंद्रीय लोक निर्माण विभाग (सीपीडब्ल्यूडी) के संयुक्त तत्वावधान में मंगलवार को सीपीडब्ल्यूडी के 172वें स्थापना दिवस के अवसर पर रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर सरायढेला थाना क्षेत्र स्थित सीपीडब्ल्यूडी परिसर में आयोजित हुआ, जिसमें जरूरतमंद मरीजों के लिए 18 यूनिट रक्त संग्रह किया गया।
रक्तदान शिविर का शुभारंभ मुख्य अभियंता एवं कार्यपालक निदेशक, आईआईटी (आईएसएम) सीपीडब्ल्यूडी उज्ज्वल कुमार की उपस्थिति में किया गया। कार्यक्रम में भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी, धनबाद के चेयरमैन कौशलेंद्र कुमार सिंह, संयुक्त सचिव दिलीप सिंह, कार्यकारिणी सदस्य सह चेयरमैन सलाहकार कुमार मधुरेंद्र सिंह तथा ब्लड डोनेशन प्रोग्राम पदाधिकारी बेनजीर परवीन भी मौजूद रहीं।
इस अवसर पर सीपीडब्ल्यूडी के कार्यपालक अभियंता सूरज प्रकाश एवं मल्टी टास्किंग स्टाफ कुमार गौरव सहित विभाग के कई अधिकारियों और कर्मचारियों ने शिविर में भाग लेकर रक्तदान के प्रति लोगों को प्रेरित किया।
रक्त संग्रह का कार्य एसएनएमएमसीएच ब्लड बैंक की टीम द्वारा किया गया। शिविर में भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी, धनबाद के आजीवन सदस्य एवं झारखंड मुक्ति मोर्चा के नेता कुमार चमन सिंह उर्फ पिंकी सिंह ने भी स्वेच्छा से रक्तदान किया।
शिविर के दौरान कुल 18 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया, जिसे एसएनएमएमसीएच ब्लड बैंक एवं एशियन जालान हॉस्पिटल ब्लड बैंक ने अपने रक्त भंडार में सुरक्षित रखा। आयोजकों ने कहा कि यह रक्त भविष्य में जरूरतमंद मरीजों के उपचार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
कार्यक्रम के अंत में सभी रक्तदाताओं का आभार व्यक्त करते हुए समाज के अधिक से अधिक लोगों से नियमित रूप से स्वैच्छिक रक्तदान करने की अपील की गई। आयोजकों ने कहा कि एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद व्यक्ति का जीवन बचा सकता है, इसलिए रक्तदान को सामाजिक जिम्मेदारी के रूप में अपनाना चाहिए।
















