धनबाद/जमशेदपुर: प्रोजेक्ट 831 द्वारा सोनारी, जमशेदपुर में आयोजित जमशेदपुर पिकलबॉल चैंपियनशिप में अनुभवी टेनिस खिलाड़ी सुमित कुमार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दो खिताब अपने नाम किए। उन्होंने मेंस सिंगल्स का खिताब जीतने के साथ-साथ प्रचेता वर्मा के साथ मिक्स्ड डबल्स वर्ग में भी चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।
वहीं डबल्स वर्ग के फाइनल मुकाबले में हिमांशु और धनबाद के रोहित की जोड़ी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ट्रॉफी अपने नाम की।
सुमित कुमार झारखंड के प्रतिष्ठित टेनिस खिलाड़ियों में गिने जाते हैं। वे भारत के पूर्व क्रिकेट कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के साथ डबल्स टेनिस में कई वर्षों तक खेल चुके हैं। सुमित और धोनी की जोड़ी ने 2018, 2019 और 2022 में आयोजित कंट्री क्रिकेट क्लब टेनिस टूर्नामेंट का खिताब अपने नाम किया था। इसके अलावा दोनों ने जेएससीए इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित कई प्रदर्शनी टेनिस मैचों में भी साथ खेलकर दर्शकों का मनोरंजन किया।
पिछले दो वर्षों से पिकलबॉल खेल रहे सुमित कुमार ने कम समय में इस खेल में भी अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। जमशेदपुर पिकलबॉल चैंपियनशिप में उनकी दोहरी सफलता इस बात का प्रमाण है कि वे टेनिस के साथ-साथ पिकलबॉल में भी तेजी से अपनी अलग पहचान बना रहे हैं।
इस उपलब्धि पर झारखंड पिकलबॉल एसोसिएशन के सचिव ने खुशी जताते हुए कहा कि सुमित कुमार जैसे अनुभवी खिलाड़ियों का पिकलबॉल से जुड़ना राज्य में इस खेल के उज्ज्वल भविष्य का संकेत है। वहीं एसोसिएशन के उपाध्यक्ष बी. सुधीर ने सुमित कुमार को शानदार प्रदर्शन के लिए बधाई देते हुए कहा कि उनकी उपलब्धि युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणादायक है।
















