धनबाद: जिले में 19 जुलाई 2026 (रविवार) को आयोजित होने वाली झारखंड क्षेत्रीय कार्यकर्ता प्रतियोगिता परीक्षा-2024 को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और कदाचारमुक्त कराने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिले के 78 परीक्षा केंद्रों पर होने वाली इस परीक्षा में लगभग 29,952 अभ्यर्थियों के शामिल होने की संभावना है।
उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन के निर्देश पर न्यू टाउन हॉल में सभी दंडाधिकारियों की बैठक आयोजित कर परीक्षा से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। उप विकास आयुक्त सन्नी राज ने अधिकारियों को समय पर परीक्षा केंद्रों पर पहुंचने, सभी व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित करने तथा पूरी सतर्कता के साथ परीक्षा संपन्न कराने के निर्देश दिए।
सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव ने कहा कि किसी भी फर्जी परीक्षार्थी को परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। प्रत्येक अभ्यर्थी की सघन जांच की जाएगी तथा परीक्षा शुरू होने से पहले केंद्रों के शौचालय और अन्य स्थानों की भी तलाशी ली जाएगी।
प्रशासन ने परीक्षा के दौरान मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, कैलकुलेटर, डिजिटल डायरी, पेजर और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया है। बिना एडमिट कार्ड किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं मिलेगा तथा उत्तर पुस्तिका केवल ब्लैक बॉल प्वाइंट पेन से ही भरने की अनुमति होगी।
परीक्षा को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए 78 स्टैटिक दंडाधिकारी, 43 पेट्रोलिंग मजिस्ट्रेट, 9 फ्लाइंग स्क्वायड और 105 ऑब्जर्वर की प्रतिनियुक्ति की गई है। सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जाएगी और मोबाइल फोन जैमर भी लगाए जाएंगे, ताकि किसी भी प्रकार की नकल या इलेक्ट्रॉनिक गड़बड़ी को रोका जा सके।
परीक्षा तीन शिफ्टों में आयोजित होगी— पहली शिफ्ट सुबह 8:30 से 10:30 बजे, दूसरी शिफ्ट 11:30 से 1:30 बजे और तीसरी शिफ्ट 3:30 से 5:30 बजे तक चलेगी।
















