धनबाद : धनबाद और आसपास के जिलों के हृदय रोगियों के लिए राहत की खबर है। दुर्गापुर के प्रसिद्ध कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. मनीष कुमार पिछले कई महीनों से जेपी हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर, धनबाद में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, वे प्रत्येक शनिवार को मरीजों की जांच, परामर्श और उपचार के लिए उपलब्ध रहते हैं। इससे क्षेत्र के लोगों को हृदय संबंधी विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाएं स्थानीय स्तर पर ही मिल रही हैं।
मरीजों से बातचीत के दौरान डॉ. मनीष कुमार ने कहा कि वर्तमान समय में युवाओं में हृदय रोग के मामलों में लगातार वृद्धि देखी जा रही है। उन्होंने इसे चिंताजनक बताते हुए कहा कि पहले जो समस्याएं अधिकतर बुजुर्गों में देखी जाती थीं, अब 25 से 40 वर्ष आयु वर्ग के लोगों में भी सामने आ रही हैं।
उन्होंने बताया कि अनियमित जीवनशैली, अत्यधिक मानसिक तनाव, देर रात तक जागना, जंक फूड का अधिक सेवन, धूम्रपान और शराब जैसी आदतें हृदय रोगों के प्रमुख कारण बन रही हैं। इन आदतों में समय रहते सुधार करना बेहद आवश्यक है।
डॉ. मनीष कुमार ने लोगों को सलाह दी कि यदि सीने में भारीपन, अचानक अत्यधिक पसीना आना, सांस लेने में तकलीफ या चलने-फिरने के दौरान छाती में दर्द अथवा खिंचाव महसूस हो, तो इसे सामान्य गैस या थकान समझकर नजरअंदाज न करें। ऐसे लक्षण दिखाई देने पर तुरंत हृदय रोग विशेषज्ञ से संपर्क करना चाहिए।
उन्होंने स्वस्थ हृदय के लिए प्रतिदिन 30 से 45 मिनट नियमित व्यायाम, संतुलित आहार और फास्ट फूड से दूरी बनाए रखने की सलाह दी। साथ ही उन्होंने कहा कि 30 वर्ष की आयु के बाद प्रत्येक व्यक्ति को वर्ष में कम से कम एक बार ईसीजी, लिपिड प्रोफाइल और अन्य आवश्यक स्वास्थ्य जांच अवश्य करानी चाहिए, ताकि संभावित हृदय रोगों का समय रहते पता लगाकर उचित उपचार किया जा सके।
















