Dhanbad / #Noida : नोएडा में आयोजित 11वीं राष्ट्रीय रोलर स्केटिंग रैंकिंग चैंपियनशिप में धनबाद के प्रतिभाशाली खिलाड़ी रुद्रांश शर्मा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए इतिहास रच दिया। उन्होंने 200 मीटर और 500 मीटर स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतकर न सिर्फ धनबाद बल्कि पूरे झारखंड का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया है।
देशभर से पहुंचे प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के बीच रुद्रांश शर्मा ने बेहतरीन गति, संतुलन और शानदार तकनीक का प्रदर्शन करते हुए दोनों प्रतियोगिताओं में पहला स्थान हासिल किया। एक ही राष्ट्रीय प्रतियोगिता में दो गोल्ड मेडल जीतकर उन्होंने धनबाद रोलर स्केटिंग के इतिहास में नई उपलब्धि दर्ज की है।
रुद्रांश की इस ऐतिहासिक सफलता के बाद धनबाद के खेल प्रेमियों और रोलर स्केटिंग खिलाड़ियों में खुशी की लहर दौड़ गई है। उनकी इस उपलब्धि का श्रेय धनबाद जिला रोलर स्केटिंग एसोसिएशन को भी दिया जा रहा है, जिसके मार्गदर्शन और सहयोग से खिलाड़ी लगातार राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं।
संघ की अध्यक्ष डॉ राजश्री भूषण ने रुद्रांश शर्मा को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि पूरे धनबाद के लिए गर्व का क्षण है। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में रुद्रांश अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी देश का नाम रोशन करेंगे।
वहीं संघ के सचिव रजनीश कुमार ने कहा कि यह सफलता खिलाड़ी की मेहनत, अनुशासन और लगातार अभ्यास का परिणाम है। उन्होंने भविष्य में भी खिलाड़ियों को हर संभव सहयोग देने की बात कही।
कोच अभिषेक कुमार एवं शिव कुमार महतो ने भी रुद्रांश शर्मा को इस शानदार उपलब्धि पर शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनकी लगन और कठिन मेहनत ने उन्हें यह ऐतिहासिक मुकाम दिलाया है।
धनबाद के खेल जगत ने रुद्रांश शर्मा की इस उपलब्धि पर गर्व व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।














