Dhanbad : केंद्र सरकार की ओर से शनिवार को धनबाद के रेलवे ऑडिटोरियम में 19वें रोजगार मेला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। इस अवसर पर अन्नपूर्णा देवी, ढुल्लू महतो एवं राज सिन्हा मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत अखिलेश मिश्रा द्वारा अतिथियों का पुष्पगुच्छ एवं मोमेंटो देकर स्वागत करने के साथ हुई। इसके बाद नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से देशभर के युवाओं को संबोधित किया और ऑनलाइन माध्यम से 51 हजार से अधिक अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि देश के युवा भारत की सबसे बड़ी ताकत हैं और युवाओं की भागीदारी से ही विकसित भारत का सपना साकार होगा। उन्होंने नियुक्ति प्राप्त करने वाले युवाओं से पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ देश सेवा करने की अपील की।
केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि केंद्र सरकार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि देशभर के 47 स्थानों पर रोजगार मेला आयोजित किया गया, जहां विभिन्न सरकारी विभागों में चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपे गए।
उन्होंने सभी चयनित युवाओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि युवाओं की ऊर्जा और प्रतिभा देश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने भी चयनित अभ्यर्थियों का उत्साहवर्धन किया।
रोजगार मेले को लेकर युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला। नियुक्ति पत्र प्राप्त करने वाले अभ्यर्थियों ने केंद्र सरकार की इस पहल को सराहनीय बताते हुए खुशी जाहिर की।
















