धनबाद: धनबाद के शक्ति चौक के समीप रविवार को एक सड़क हादसे में नेक्सॉन कार और बाइक की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में बाइक सवार एक युवक और एक युवती घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुर्घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को तुरंत इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। कार में सवार लोग सुरक्षित बताए जा रहे हैं।
सूचना मिलने पर पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात सामान्य कराया। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार को हादसे का संभावित कारण माना जा रहा है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
















