धनबाद: बाघमारा स्थित झारखंड स्टेट फूड एंड सिविल सप्लाई कॉरपोरेशन लिमिटेड (JSFSSCL) के सरकारी गोदाम से करीब 1500 क्विंटल चावल गायब मिलने के बाद विभाग में हड़कंप मच गया है। गायब चावल की कीमत करीब 40 से 45 लाख रुपये आंकी जा रही है।
मामला सहायक गोदाम प्रबंधक के तबादले के बाद सामने आया। अगस्त के पहले सप्ताह में सहायक गोदाम प्रबंधक बिनोद कुमार विद्यार्थी का तबादला हुआ था। इसके बाद नए सहायक गोदाम प्रबंधक शेखर प्रसाद महतो ने पदभार संभाला और गोदाम के स्टॉक की जांच की। इसी दौरान रिकॉर्ड और वास्तविक स्टॉक में बड़ा अंतर सामने आया।
बताया गया है कि गोदाम में जन वितरण प्रणाली के माध्यम से राशन कार्डधारियों को उपलब्ध कराया जाने वाला सरकारी चावल रखा जाता था। जांच के दौरान रिकॉर्ड के मुताबिक करीब 1500 क्विंटल चावल कम पाया गया।
बोरियों के बीच बनाया गया था खाली स्थान
मामले की जांच में यह भी सामने आया कि गोदाम में चावल की बोरियों को इस तरह से रखा गया था कि बाहर से देखने पर पूरा स्टॉक सामान्य नजर आए। बताया जा रहा है कि बोरियों को चौकोर आकार में सजाया गया था, जबकि बीच का बड़ा हिस्सा खाली था। इससे कथित तौर पर चावल की कमी छिपाने की कोशिश की गई।
स्टॉक में गड़बड़ी सामने आने के बाद मामले की जानकारी वरीय अधिकारियों को दी गई। इसके बाद जिला आपूर्ति पदाधिकारी सह जिला प्रबंधक राज्य खाद्य निगम धनबाद पंकज कुमार के स्तर से जांच के लिए दो सदस्यीय समिति गठित की गई है।
समिति को पांच दिनों के भीतर जांच रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि सरकारी चावल की कमी कैसे हुई और इसके लिए कौन-कौन जिम्मेदार हैं।
फिलहाल मामले में लगाए गए आरोपों की विभागीय जांच जारी है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की उम्मीद है।
















