धनबाद: उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल के प्रमंडलीय आयुक्त विजय कुमार गुप्ता ने सोमवार को धनबाद समाहरणालय में आयोजित समीक्षा बैठक में विभिन्न विभागों के राजस्व संग्रहण, राजस्व न्यायालयों, आंतरिक संसाधनों तथा SIR-2026 (विशेष गहन पुनरीक्षण) अभियान की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में उन्होंने सभी विभागों को राज्य सरकार द्वारा निर्धारित राजस्व लक्ष्य हर हाल में पूरा करने के निर्देश दिए और कहा कि राजस्व वसूली में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
बैठक के दौरान आयुक्त ने दाखिल-खारिज (म्यूटेशन), जाति, आय, आवासीय सहित अन्य प्रमाण-पत्रों के आवेदनों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि बिना ठोस कारण किसी भी आवेदन को लंबित रखना न केवल प्रशासनिक लापरवाही है, बल्कि यह राइट टू सर्विस अधिनियम की भावना के भी विरुद्ध है। अधिकारियों को लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए गए।
समीक्षा बैठक में खनन, परिवहन, वाणिज्य कर, उत्पाद, नगर निगम, निबंधन, मत्स्य, विद्युत, जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट (DMFT) समेत विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा की गई। प्रमंडलीय आयुक्त ने अवैध खनन, अवैध परिवहन और कर चोरी के मामलों में सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही बड़े बकायेदारों के विरुद्ध नीलाम पत्र वाद की कार्रवाई तेज करने और सरकारी राजस्व की वसूली सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने सभी अंचल अधिकारियों को नियमित हल्का निरीक्षण करने, सरकारी भूमि की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा अतिक्रमण के मामलों पर सतर्क निगरानी रखने का भी निर्देश दिया।
बैठक में DMFT के तहत स्वास्थ्य क्षेत्र में किए गए कार्यों की समीक्षा के दौरान प्रमंडलीय आयुक्त ने धनबाद जिला प्रशासन की सराहना की। उन्होंने कहा कि सदर अस्पताल, शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल तथा तोपचांची डायलिसिस सेंटर जैसी स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार से आम लोगों को बेहतर चिकित्सा सेवाएं मिल रही हैं, जो सराहनीय पहल है।
SIR-2026 अभियान की समीक्षा करते हुए आयुक्त ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य में और तेजी लाने, गणना प्रपत्रों के डिजिटाइजेशन में गति लाने तथा शहरी क्षेत्रों के लिए प्रभावी कार्ययोजना बनाकर अभियान को समयबद्ध ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए।
बैठक में संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे और विभिन्न योजनाओं व प्रशासनिक कार्यों की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई। आयुक्त ने सभी विभागों से समन्वय के साथ कार्य करते हुए निर्धारित लक्ष्यों को समय पर पूरा करने का आह्वान किया।
















