धनबाद : लोयाबाद थाना क्षेत्र के बांसजोड़ा बस्ती में हुए खूनी संघर्ष मामले में लोयाबाद पुलिस ने दो आरोपियों अमित महतो और राजेश महतो को पूछताछ के लिए 24 घंटे के रिमांड पर लिया है। न्यायालय से अनुमति मिलने के बाद पुलिस दोनों आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है।
पुलिस के अनुसार अमित महतो बरवाअड्डा का निवासी है, जबकि राजेश महतो लोयाबाद के बांसजोड़ा बस्ती का रहने वाला है। थाना प्रभारी पिकु प्रसाद ने बताया कि पूछताछ के दौरान घटना से जुड़े कई अहम सुराग मिलने की संभावना है। पूछताछ पूरी होने के बाद दोनों आरोपियों को दोबारा न्यायालय में पेश किया जाएगा।
गौरतलब है कि बीते बुधवार को बांसजोड़ा बस्ती में कांग्रेस और आजसू समर्थकों के बीच हिंसक झड़प हुई थी। इस दौरान गोली लगने से किशुन रवानी नामक बुजुर्ग की मौत हो गई थी, जबकि आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए थे।
घटना के बाद लोयाबाद पुलिस ने तीन अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज करते हुए त्वरित कार्रवाई की थी। पुलिस ने आजसू नेत्री रजनी कुमारी समेत नौ लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी जारी है। इलाके में तनाव की स्थिति बनी हुई है, हालांकि पुलिस प्रशासन के मुताबिक माहौल फिलहाल शांतिपूर्ण है।
















