जमशेदपुर : बारीडीह के रहने वाले 8 वर्षीय आदित्य राज ने कम उम्र में बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए जमशेदपुर का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। मिस/मिस्टर/मिसेज/किड्स मॉडलिंग-डांस प्रतियोगिता (इंडिया-एशिया) में आदित्य ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दूसरा स्थान प्राप्त किया।
यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता 16 और 17 मई को आदित्यपुर स्थित द क्रूज में आयोजित हुई थी। प्रतियोगिता में कुल 13 राउंड हुए, जिसमें देशभर से लगभग 48 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच आदित्य राज ने अपने आत्मविश्वास, प्रस्तुति और प्रतिभा के दम पर सभी का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया।
आदित्य की मां वर्षा श्रीवास्तव ने बताया कि बचपन से ही आदित्य की रुचि मॉडलिंग में रही है और परिवार ने हमेशा उसे आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि इतनी कम उम्र में मिली यह सफलता उसके उज्ज्वल भविष्य की मजबूत शुरुआत है।
आदित्य के परिवार की पृष्ठभूमि भी प्रेरणादायक रही है। उनके नाना दीपक श्रीवास्तव रामकृष्ण मिशन इंग्लिश स्कूल में गेम्स टीचर रह चुके हैं। वहीं उनकी मां स्वयं शिक्षिका हैं और चाहती हैं कि उनके बच्चे मॉडलिंग के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक पहुंचें। परिवार के अन्य सदस्यों का भी आदित्य को पूरा सहयोग मिल रहा है।
आदित्य राज ने कहा कि वह भविष्य में मॉडलिंग के क्षेत्र में अपना करियर बनाना चाहते हैं। फिलहाल वह आगामी नेशनल प्रतियोगिताओं की तैयारी में जुटे हुए हैं।














