धनबाद: मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) अभियान के तहत धनबाद जिले में एन्यूमरेशन फॉर्म (EF) के वितरण का कार्य तेज़ी से जारी है। जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त आदित्य रंजन के निर्देशानुसार जिले के सभी छह विधानसभा क्षेत्रों में अभियान को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने के लिए व्यापक स्तर पर कार्य किया जा रहा है।
जिला प्रशासन द्वारा जारी जानकारी के अनुसार अब तक जिले के कुल 6 लाख 40 हजार 892 मतदाताओं को एन्यूमरेशन फॉर्म वितरित किए जा चुके हैं। विधानसभावार आंकड़ों में टुंडी सबसे आगे है, जहां 1,43,928 मतदाताओं तक फॉर्म पहुंचाए गए हैं। इसके बाद निरसा में 1,22,654, सिंदरी में 1,19,785, धनबाद विधानसभा में 93,039, झरिया में 81,031 तथा बाघमारा में 80,455 एन्यूमरेशन फॉर्म का वितरण किया गया है।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त आदित्य रंजन ने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को सफल बनाने के लिए सभी विधानसभा क्षेत्रों के निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (ERO) और सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (AERO) लगातार मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर रहे हैं। साथ ही बीएलओ और संबंधित कर्मियों के माध्यम से घर-घर जाकर मतदाताओं को एन्यूमरेशन फॉर्म उपलब्ध कराया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक सटीक, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाना है, ताकि सभी पात्र मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में सही ढंग से दर्ज हो सके। जिला प्रशासन ने सभी मतदाताओं से अपील की है कि वे समय पर एन्यूमरेशन फॉर्म भरकर संबंधित बीएलओ को उपलब्ध कराएं, ताकि पुनरीक्षण प्रक्रिया निर्धारित समय के भीतर सफलतापूर्वक पूरी की जा सके।
















