कोयला नगर सभागार में नृत्य, संगीत व वाद्य प्रतियोगिता; देशभर के प्रतिभागियों ने दिखाया हुनर
धनबाद : शहर के कोयला नगर सभागार में ‘अनुभूति एक एहसास’ द्वारा आयोजित अखिल भारतीय नृत्य, संगीत एवं वाद्ययंत्र महोत्सव के पांचवें सत्र का आयोजन बड़े उत्साह के साथ संपन्न हुआ। इस दौरान बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने दर्शकों का दिल जीत लिया।
कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि अर्चना अग्रवाल और नीता कुमार ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर करीब 100 बच्चों ने विभिन्न विधाओं—नृत्य, गायन और वादन—में अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
देशभर से आए प्रतिभागी
इस प्रतियोगिता में धनबाद के साथ-साथ अन्य राज्यों से आए कलाकारों ने भी भाग लिया, जिससे आयोजन का स्तर और भी ऊंचा हो गया। मंच पर प्रस्तुत हर कार्यक्रम ने दर्शकों को बांधे रखा।
गणमान्य लोगों की रही उपस्थिति
कार्यक्रम में अनुभूति की सचिव सरसी चंद्रा, राजेंद्र प्रसाद, निर्देशक कला हीरा, वशिष्ठ सिन्हा समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। निर्णायक मंडल में संहिता बख्शी ने अहम भूमिका निभाई। वहीं क्लब इंडिया से संतोष रजक की उपस्थिति ने आयोजन को और गरिमामय बना दिया।
बच्चों की प्रस्तुति बनी आकर्षण का केंद्र
कार्यक्रम के दौरान बच्चों की रंगारंग प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। हर प्रस्तुति पर तालियों की गूंज सुनाई दी, जिससे प्रतिभागियों का उत्साह और बढ़ा।
इसी भी पढ़े : सम्राट चौधरी के CM बनने पर भागलपुर में NDA की आभार यात्रा, कार्यकर्ताओं में दिखा जोश
















