धनबाद: जिले में अवैध कोयला कारोबार के खिलाफ संयुक्त अभियान के तहत प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बरोरा क्षेत्र संख्या-1 स्थित ए.एम.पी. कोलियरी (जरलाही पेच) में छापेमारी की। अभियान में CISF, BCCL प्रबंधन और बरोरा पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए लगभग 2000 बोरी अवैध कोयला बरामद किया।
अधिकारियों के अनुसार, जब्त किए गए कोयले को बाहर निकालने के लिए उपयुक्त मार्ग उपलब्ध नहीं होने के कारण उसे खदान के पानी में डालकर नष्ट कर दिया गया, ताकि उसका दोबारा अवैध उपयोग न हो सके।
इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध कोयला कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि कोयला तस्करी और अवैध खनन के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा तथा कानून का उल्लंघन करने वालों पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
















