धनबाद: राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (RBSK) के अंतर्गत झारखंड बालिका आवासीय विद्यालय में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बाघमारा की चिकित्सा टीम द्वारा विशेष स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया जा रहा है। सोमवार से शुरू हुआ यह शिविर शनिवार तक चलेगा, जिसमें छात्राओं की व्यापक स्वास्थ्य जांच के साथ आवश्यक उपचार और स्वास्थ्य संबंधी परामर्श भी दिया जा रहा है।
शिविर के तीसरे दिन 225 छात्राओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। वहीं, अब तक तीन दिनों में कुल 900 छात्राओं की जांच पूरी की जा चुकी है। स्वास्थ्य टीम ने छात्राओं का पंजीकरण कर सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण, मलेरिया जांच (एमपी टेस्ट), हीमोग्लोबिन (Hb), रक्तचाप (BP), दंत परीक्षण और दृष्टि परीक्षण सहित विभिन्न आवश्यक जांचें कीं।
शिविर के दौरान आरबीएसके चिकित्सकों और सामुदायिक स्वास्थ्य पदाधिकारियों (CHO) ने छात्राओं को संतुलित आहार, व्यक्तिगत स्वच्छता, एनीमिया से बचाव, किशोर स्वास्थ्य और स्वस्थ जीवनशैली के बारे में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही नियमित स्वास्थ्य जांच कराने और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया गया।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, ऐसे शिविरों का उद्देश्य विद्यालयों में अध्ययनरत बच्चों और किशोरियों के स्वास्थ्य की नियमित निगरानी करना, बीमारियों की समय पर पहचान कर उपचार उपलब्ध कराना तथा उन्हें स्वास्थ्य के प्रति जागरूक बनाना है।
















