धनबाद: धनबाद समाहरणालय में जन्म एवं मृत्यु निबंधन को लेकर जिला स्तरीय अंतर विभागीय समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पंजीकरण प्रक्रिया को अधिक व्यवस्थित, पारदर्शी और प्रभावी बनाने को लेकर विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गई।
बैठक में निजी अस्पतालों को रजिस्ट्रार की आईडी से जोड़ने, मृत्यु के कारण का चिकित्सकीय प्रमाणीकरण सुनिश्चित करने और जन्म-मृत्यु निबंधन से संबंधित अभिलेखों के सुरक्षित रख-रखाव पर विशेष चर्चा हुई।
अधिकारियों ने कहा कि जन्म और मृत्यु का सही एवं समय पर पंजीकरण बेहद महत्वपूर्ण है। बैठक में प्राप्त निष्कर्षों और प्रेक्षणों का विस्तृत प्रतिवेदन तैयार कर संबंधित निदेशालय को भेजने पर भी सहमति बनी।
प्रशासन का उद्देश्य जन्म-मृत्यु निबंधन व्यवस्था को और मजबूत बनाना है, ताकि नागरिकों को जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र से जुड़ी सेवाएं बेहतर और सुगम तरीके से मिल सकें।
















