धनबाद: झारखंड के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने सोमवार को जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त आदित्य रंजन के साथ धनबाद स्थित ईवीएम एवं वीवीपैट वेयरहाउस का निरीक्षण किया। निरीक्षण का उद्देश्य वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था, रखरखाव और उपलब्ध सुविधाओं का आकलन करना था।
निरीक्षण के दौरान सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे। इस अवसर पर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) तथा ईवीएम प्रबंधन से जुड़े विभिन्न तकनीकी और व्यावहारिक पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की।
अधिकारियों ने वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था का बारीकी से निरीक्षण करते हुए सुरक्षा गार्डों की तैनाती, उनकी सतर्कता और शिफ्ट प्रबंधन की समीक्षा की। उन्होंने वेयरहाउस परिसर में चौबीसों घंटे निगरानी सुनिश्चित करने तथा सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए।
इसके अलावा वेयरहाउस में उपलब्ध अग्निशमन यंत्रों (फायर एक्सटिंग्विशर) और अन्य फायर फाइटिंग सिस्टम की भी जांच की गई। अधिकारियों ने सभी अग्निशमन उपकरणों को हमेशा कार्यशील स्थिति में रखने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तैयारी बनाए रखने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान उप निर्वाचन पदाधिकारी कालिदास मुंडा, अनुमंडल दंडाधिकारी लोकेश बारंगे, निर्वाचन कार्यालय के अधिकारी-कर्मी तथा विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
















