धनबाद/झरिया: पीडीएस डीलरों की समस्याओं को लेकर उठाई गई मांग के बाद डोर स्टेप डिलीवरी सेवा दोबारा शुरू होने से धनबाद जिले के राशन डीलरों को राहत मिली है। सेवा बंद होने के कारण डीलरों को राशन उठाव और परिवहन को लेकर अतिरिक्त खर्च व कई परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था।
जानकारी के अनुसार, धनबाद जिला पीडीएस डीलर एसोसिएशन ने इस समस्या को झरिया विधायक रागिनी सिंह के सामने रखा था। इसके बाद विधायक ने मामले को विधानसभा में उठाते हुए सरकार के समक्ष डीलरों की समस्याओं को रखा।
इसके बाद फिलहाल डोर स्टेप डिलीवरी व्यवस्था को दोबारा शुरू करने पर सहमति बनी। सेवा शुरू होने के बाद पीडीएस डीलर एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने झरिया स्थित विधायक कार्यालय पहुंचकर रागिनी सिंह को पुष्पगुच्छ देकर उनका आभार जताया।
विधायक रागिनी सिंह ने कहा कि डोर स्टेप डिलीवरी बंद होने से जिले के पीडीएस डीलरों को आर्थिक और व्यावहारिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। इसी को देखते हुए उन्होंने इस मुद्दे को विधानसभा में उठाया। उन्होंने यह भी कहा कि डीलरों का करीब 13 महीने का कमीशन बकाया है और आगामी विधानसभा सत्र में इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया जाएगा।
वहीं, पीडीएस डीलर विनोद कुमार ने डोर स्टेप डिलीवरी दोबारा शुरू होने पर राहत जताई। उन्होंने सरकार से मांग की कि इस व्यवस्था को नियमित रूप से जारी रखा जाए और लंबे समय से लंबित कमीशन का जल्द भुगतान किया जाए।
डोर स्टेप डिलीवरी शुरू होने से राशन डीलरों को परिवहन संबंधी खर्च और अतिरिक्त परेशानी से राहत मिलने की उम्मीद है। वहीं, अब डीलरों की नजर 13 महीने से लंबित कमीशन के भुगतान पर है।
















