धनबाद: झारखंड विधानसभा के सचेतक सह धनबाद विधायक राज सिन्हा ने रविवार को मनईटांड़ मंडल अंतर्गत बूथ संख्या-329 स्थित दुहाटांड़ हनुमान मंदिर परिसर में कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय नागरिकों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 135वें संस्करण को सुना। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान विधायक राज सिन्हा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने प्रेरणादायी संबोधन में आत्मनिर्भर भारत की बढ़ती रक्षा क्षमता का उल्लेख करते हुए आईएनएस दुनागिरी, आईएनएस संशोधक, आईएनएस अग्रय तथा स्वदेश निर्मित C-295 विमान का जिक्र किया। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस, ‘वोकल फॉर लोकल’, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, पर्यावरण संरक्षण, जल संवर्धन और विकसित भारत के निर्माण में जनभागीदारी एवं युवाओं की भूमिका पर भी महत्वपूर्ण विचार साझा किए।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का प्रत्येक संदेश देशवासियों को राष्ट्र निर्माण, आत्मनिर्भर भारत और अपने कर्तव्यों के प्रति जागरूक होकर सक्रिय योगदान देने की प्रेरणा देता है।
‘मन की बात’ कार्यक्रम के श्रवण के बाद विधायक राज सिन्हा ने मंडल अध्यक्ष इंद्रभूषण कुशवाहा एवं उपाध्यक्ष दीपक गुप्ता के सहयोग से आयोजित नि:शुल्क नेत्र जांच शिविर का फीता काटकर शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने स्वयं भी अपनी आंखों की जांच कराई और लोगों से समय-समय पर स्वास्थ्य जांच कराने की अपील की।
विधायक ने कहा कि “स्वस्थ समाज ही सशक्त राष्ट्र की आधारशिला है। ऐसे सेवा-भाव से प्रेरित स्वास्थ्य शिविर लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के साथ समाज के प्रति हमारी सामूहिक जिम्मेदारी को भी मजबूत करते हैं।”
इस अवसर पर भाजपा के महामंत्री रुपेश सिन्हा, रिंकू सिंह, दीपक झा, सतीश रजक, दिवेश सिंह, विकास गुप्ता, सपन कश्यप, अखिल भारतीय मध्यदेशीय वैश्य समाज के जिला प्रमुख अखिलेश गुप्ता, धीरज शर्मा, रंजीत सिंह, सनोज कुशवाहा, सुनीता साव, निशांत पंडित, पवन साव, अनमोला भारती, सुरेंद्र सिंह, गणेश महतो सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं स्थानीय कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कार्यक्रम के अंत में विधायक राज सिन्हा ने आयोजन में सहयोग करने वाले सभी कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय नागरिकों का आभार व्यक्त करते हुए जनसेवा के ऐसे प्रयासों को आगे भी जारी रखने की बात कही।
















