धनबाद: महिला सशक्तिकरण और स्वरोजगार को बढ़ावा देने की दिशा में रोटरी क्लब धनबाद सेंट्रल ने रविवार को बस्ताकोला में आरसीडीसी सहेली सेंटर का शुभारंभ किया। इस केंद्र का उद्देश्य महिलाओं को निःशुल्क कौशल प्रशिक्षण देकर उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना है।
सहेली सेंटर में महिलाओं के प्रशिक्षण के लिए दो पूर्णतः सुसज्जित सिलाई कार्यस्थल स्थापित किए गए हैं। केंद्र में चार आधुनिक सिलाई मशीनें, अनुभवी प्रशिक्षिकाएं और प्रशिक्षण से जुड़ी सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। यहां महिलाओं को निःशुल्क सिलाई एवं स्वरोजगार संबंधी प्रशिक्षण दिया जाएगा, ताकि वे अपने पैरों पर खड़ी होकर सम्मानपूर्वक आजीविका अर्जित कर सकें।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए रोटरी क्लब धनबाद सेंट्रल के अध्यक्ष रोटेरियन विनीत तुलस्यान ने कहा कि महिला सशक्तिकरण समाज के समग्र विकास की आधारशिला है। उन्होंने विश्वास जताया कि सहेली सेंटर अनेक महिलाओं के जीवन में आत्मनिर्भरता, आत्मविश्वास और सम्मान का नया अध्याय जोड़ेगा।
क्लब के पूर्व अध्यक्ष रोटेरियन अमरेश सिंह ने बताया कि रोटरी क्लब पहले से ही कालिंदी देवी स्कूल को गोद लेकर बच्चों को निःशुल्क शिक्षा उपलब्ध करा रहा है। अब महिलाओं के उत्थान के लिए सहेली सेंटर की स्थापना की गई है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी क्लब शिक्षा, महिला सशक्तिकरण और सामाजिक विकास के लिए ऐसे और केंद्र स्थापित करेगा।
इस अवसर पर रोटेरियन मनीष तायल, रोटेरियन अमित जैन, रोटेरियन राहुल डोकानिया, रोटेरियन नितिन कोठारी, रोटेरियन अजय अग्रवाल, सहायक गवर्नर (AG) रोटेरियन दीपक कनोरिया, नीतू कनोरिया, रीना जालुका सहित क्लब के कई सदस्य एवं गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में रोटरी क्लब धनबाद सेंट्रल ने सभी सहयोगकर्ताओं, दानदाताओं एवं अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भविष्य में भी क्लब शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण और सामाजिक सेवा के क्षेत्र में जनहितकारी कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाता रहेगा।
















