धनबाद: शमशेर नगर स्थित गोल्डन वेडिंग पैलेस हॉल में सोमवार को धनबाद जिला विद्युत, साउंड, DJ एवं डेकोरेटर्स संघ का 16वां वार्षिक अधिवेशन आयोजित किया गया। कार्यक्रम में संगठन की एकजुटता, मजबूती और व्यवसाय से जुड़े लोगों की समस्याओं व हितों पर चर्चा हुई।
कार्यक्रम की शुरुआत संघ के अध्यक्ष महादेव मंडल और महासचिव शिवकुमार बनर्जी के सम्मान के साथ हुई। इस दौरान भूली थाना प्रभारी विश्वजीत ठाकुर को जिला डेकोरेटर संघ के अध्यक्ष उस्मान मियां ने मोमेंटो और शॉल देकर सम्मानित किया।
अधिवेशन में विभिन्न वार्डों के जनप्रतिनिधियों के प्रतिनिधि और कई गणमान्य अतिथि भी शामिल हुए। संघ के पदाधिकारियों ने बाहर से आए अतिथियों का बुके, माला और शॉल देकर स्वागत किया।
महासचिव शिवकुमार बनर्जी ने कहा कि टेंट, विद्युत सजावट, साउंड और DJ से जुड़े व्यवसाय शादी-विवाह के अलावा सामाजिक एवं अन्य बड़े आयोजनों में भी अहम भूमिका निभाते हैं। इस क्षेत्र से बड़ी संख्या में लोगों को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार मिलता है। उन्होंने सदस्यों से संगठन को मजबूत और एकजुट बनाए रखने की अपील की।
कार्यक्रम का संचालन मानस रंजन पाल ने किया। अधिवेशन के दौरान अतिथियों और सदस्यों के लिए जलपान एवं भोजन की व्यवस्था भी की गई।
संघ के पदाधिकारियों और सदस्यों ने संगठन की एकता बनाए रखने तथा व्यवसाय से जुड़े लोगों के हितों के लिए आगे भी लगातार काम करने का संकल्प लिया।
















