धनबाद : धनबाद में साइबर अपराध के बढ़ते मामलों को देखते हुए सोमवार को कोयला भवन के डाइमंड जुबली हॉल में साइबर सुरक्षा जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। पुलिस के विशेष जागरूकता अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम में CISF के अधिकारियों और जवानों को साइबर ठगी के नए तरीकों और उनसे बचने के उपायों की जानकारी दी गई।
शिविर में ग्रामीण एसपी एस. मोहम्मद याकूब ने फर्जी कॉल, KYC अपडेट, बैंक खाता बंद होने की धमकी, OTP और UPI PIN मांगने, फर्जी लिंक, ऑनलाइन निवेश, डिजिटल अरेस्ट और सोशल मीडिया के जरिए होने वाली ठगी को लेकर जवानों को सतर्क किया।
उन्होंने बताया कि बैंक, पुलिस या कोई सरकारी संस्था फोन पर OTP, ATM PIN, UPI PIN या इंटरनेट बैंकिंग पासवर्ड नहीं मांगती। अनजान लिंक पर क्लिक करने और किसी अज्ञात व्यक्ति के कहने पर मोबाइल में ऐप डाउनलोड करने से भी बचना चाहिए।
साइबर ठगी का शिकार होने पर तुरंत बैंक को सूचना देने और साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी गई। कार्यक्रम में मजबूत पासवर्ड, टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन और सोशल मीडिया की प्राइवेसी सेटिंग को सुरक्षित रखने पर भी जानकारी दी गई।
मौके पर CISF के वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में जवान मौजूद रहे। जवानों ने साइबर अपराध से जुड़े सवाल पूछे, जिनका पुलिस अधिकारियों ने जवाब दिया। अधिकारियों ने कहा कि साइबर अपराध से बचने के लिए जागरूकता और सतर्कता सबसे प्रभावी उपाय हैं।
















