,

धनबाद में विकास योजनाओं को मिली रफ्तार, जिला योजना समिति की बैठक में कई अहम फैसले

JP Bharat Shareधनबाद : समाहरणालय सभागार में शुक्रवार को उपायुक्त सह जिला योजना कार्यकारिणी समिति के अध्यक्ष आदित्य रंजन की अध्यक्षता में जिला योजना समिति की कार्यकारिणी समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में अनाबद्ध निधि (Untied Fund) के तहत प्रस्तावित विकास योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई तथा जिले के समग्र विकास…

JP Bharat Share

धनबाद : समाहरणालय सभागार में शुक्रवार को उपायुक्त सह जिला योजना कार्यकारिणी समिति के अध्यक्ष आदित्य रंजन की अध्यक्षता में जिला योजना समिति की कार्यकारिणी समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में अनाबद्ध निधि (Untied Fund) के तहत प्रस्तावित विकास योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई तथा जिले के समग्र विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को स्वीकृति प्रदान की गई।

बैठक के दौरान उपायुक्त ने सभी विभागों को निर्देश दिया कि विकास योजनाओं का क्रियान्वयन पूरी पारदर्शिता, गुणवत्ता और तय समय सीमा के भीतर सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग की जाएगी।

उपायुक्त आदित्य रंजन ने जिला पंचायती राज पदाधिकारी को जिले के सभी पंचायत भवनों का व्यापक सर्वेक्षण कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि पंचायत भवनों की वर्तमान स्थिति, उपयोगिता और आय बढ़ाने की संभावनाओं का आकलन किया जाए। साथ ही जो सरकारी भवन वर्तमान में अनुपयोगी हैं, उन्हें उपयोगी बनाकर स्वयं सहायता समूह (SHG) की महिलाओं को आजीविका गतिविधियों के लिए उपलब्ध कराने की दिशा में भी कार्य किया जाए, ताकि ग्रामीण महिलाओं को रोजगार के बेहतर अवसर मिल सकें।

बैठक में जिले के विभिन्न दाल-भात केंद्रों की स्थिति पर भी चर्चा हुई। उपायुक्त ने निर्देश दिया कि इन केंद्रों का चरणबद्ध तरीके से जीर्णोद्धार कर उन्हें मॉडल दाल-भात केंद्र के रूप में विकसित किया जाए। उन्होंने कहा कि इन केंद्रों पर आम लोगों को स्वच्छ वातावरण में पौष्टिक और गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए।

उपायुक्त ने कहा कि अनाबद्ध निधि से संचालित सभी योजनाओं का उद्देश्य आम जनता की मूलभूत आवश्यकताओं को पूरा करना और जिले के संतुलित विकास को गति देना है। उन्होंने अधिकारियों से विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने को कहा, ताकि विकास कार्यों का लाभ समय पर आम लोगों तक पहुंच सके।

बैठक में उप विकास आयुक्त सन्नी राज, डीएफओ विकास पालीवाल, डीआरडीए निदेशक राजीव रंजन, अपर समाहर्ता प्रदीप कुमार शुक्ला, जिला योजना पदाधिकारी राम नारायण खलखो सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। सभी विभागों ने अपनी-अपनी योजनाओं की प्रगति से समिति को अवगत कराया और आगामी कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की।


JP Bharat Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

About the Author

Search the Archives

Access over the years of investigative journalism and breaking reports